Home उत्तरप्रदेश अलीगढ़-मथुरा का सफर होगा आसान, 129 करोड़ से अधिक की लागत से...

अलीगढ़-मथुरा का सफर होगा आसान, 129 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहीं फोरलेन सड़कें

20
0
Spread the love

अलीगढ़
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से मथुरा का सफर अब और आसान हो जाएगा। अलीगढ़ के महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक निर्माणाधीन फोरलेन और अलीगढ़-मथुरा राया राज्यमार्ग के चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। मंगलवार को अलीगढ़ के डीएम ने मौके पर पहुंच कर दोनों प्रोजेक्ट्स की हकीकत देखी। उन्होंने दोनों प्रोजेक्ट्स के मौके पर नमूने निकलवाए। इसके बाद जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दोनों प्रोजेक्ट तय समय में मानक के अनुसार पूरे किए जाएं।

महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क निर्माण की गुणवत्ता को परखने के लिए डीबीएम लेयर की कोर कटर से कटिंग कराकर नमूना निकलवाया। इसके बाद नमूने की छंटाई एवं तौल कराकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए कार्य की बारीकी से जांच की। 36.91 करोड़ रुपये की लागत से 3.1 किलोमीटर लंबाई में इस फोरलेन मार्ग का निर्माण आकाशदीप कंस्ट्रक्शन की ओर से किया जा रहा है।

भूमि अधिग्रहण में विलंब के कारण निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। वर्तमान में लगभग 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य नवंबर माह के अंत तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने कहा कि महरावल रेलवे स्टेशन से भुकरावली तक फोरलेन सड़क का निर्माण पूर्ण होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

अलीगढ़-मथुरा मार्ग में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
डीएम ने अलीगढ़-मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी। सड़क कोर को कटर से कटवाकर उसकी गहनता से जांच की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री का नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए।

अलीगढ़-मथुरा मार्ग का 27.800 किलोमीटर लंबाई में 92.853 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कराया जा रहा है। कार्य 6 फरवरी 2026 को प्रारंभ हुआ था और इसे मई 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आमजन एवं राहगीरों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।


Spread the love