Home छत्तीसगढ़ चार दिन तक बस यात्रियों को झेलनी पड़ेगी परेशानी, 250 बसों का...

चार दिन तक बस यात्रियों को झेलनी पड़ेगी परेशानी, 250 बसों का चुनाव में होगा अधिग्रहण

118

महासमुंद। लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। दोपहर बाद गाडियां निर्धारित जगहों पर खड़ी हो जाएंगी। चार दिन तक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। 19 अप्रैल को ही बसों का परिचालन सामान्य होगा। करीब 250 बसों का अधिग्रहण होगा। इसके अलावा 50 स्कूल बसें अधिग्रहित की जाएंगी। बसों के अधिग्रहण के लिए बस एसोसिएशन और संचालकों को सूचना दी गई है। सोमवार सुबह 12 बजे से मुख्यालय से विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसें मतदान दल और सुरक्षा बलों को मतदान केंद्र तक लेकर जाने और वापस लेकर आने के लिए मंडी परिसर में रखी जाएंगी। मिनी बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने बताया कि 250 बसों का अधिग्रहण होगा। 6 डाक वाहनें भी चलेंगी। ये बसें 18 को मतदान होने के बाद 19 और 20 अप्रैल को वापस लौटेंगी। जानकारी के मुताबिक रायपुर रूट पर कुल 75 बसें संचालित हैं। इसी क्रम में सिरपुर में 8, पिथौरा में 23, खम्हरिया में 5, बागबाहरा में 30, राजिम में 30, छुरा रूट में 5 बस चलती है। इनमें से लगभग 95 फीसदी बसों का अधिग्रहण होना तय है। लिहाजा, मार्गों पर इक्का-दुक्का ही बसें चलेंगी। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बताया जाता है कि 17 अप्रैल को ये बसें भी अधिगृहित हो जाएंगी। 19 अप्रैल तक यात्रियों को सफर करने के लिए निजी साधन का उपयोग करना होगा। मिनी बस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने बताया कि 350 बसों की डिमांड है। इसमें महासमुंद जिला मुख्यालय से विभिन्न मार्गों पर चलने वाली 250 बसों का अधिग्रहण होगा। वहीं 50 स्कूल बसों का भी अधिग्रहण किया गया है। बाकी गाडियों का इंतजाम रायपुर से किया जाएगा। सरायपाली, बसना और बागबाहरा के लिए 16 अप्रैल को बसें रवाना हो जाएंगी। सरायपाली के लिए 42, बसना 40 और बागबाहरा के लिए 44 बसें रवाना होंगी। संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार तिवारी ने बताया कि 15 अप्रैल की सुबह से वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। सभी वाहन मालिकों को आरटीओ के माध्यम से सूचना दे दी गई है। 140 छोटी व 125 बड़ी बसों की आवश्यकता है। इसके अलावा अधिकारियों के लिए 120 स्कार्पियो व छोटी वाहनें अधिग्रहित की जाएंगी। संसदीय निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक.09 महासमुंद के अंतर्गत जिले के चारों विधानसभा के मतदान दलों को वितरण केन्द्र से मतदान केन्द्रों तक लाने ले जाने के लिए छोटी व बड़ी बस, स्कार्पियो, बोलेरो हल्के वाहन का अधिग्रहण आदेश पूर्व में किया गया है। मंडी परिसर पिटियाझर महासमुंद एवं शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सरायपाली में अधिग्रहण कर रखा जाएगा।